मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना छपार क्षेत्र में दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। नेशनल हाईवे पर सिसौना कट के समीप फ्लाईओवर के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से एक कार रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज गति में था और फ्लाईओवर के घुमाव पर चालक नियंत्रण खो बैठा। कार सीधे किनारे की रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी, जिसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर ने बताया कि सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनमें से एक को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान कराने और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर असंतुलन हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक और भय का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group