लखनऊ/मेरठ, 18 फरवरी26। उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली और पश्चिमी अंचल के कई जिलों में दोपहर बाद आसमान घिर आया। मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ की ताज़ा चेतावनी के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के 13 जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी चलने की प्रबल संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश के जिन जिलों को अलर्ट श्रेणी में रखा गया है, उनमें मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और बिजनौर शामिल हैं।
दोपहर के समय मेरठ और मुजफ्फरनगर में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि सहारनपुर और शामली के ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी फसलों को झकझोर दिया। किसानों में सरसों और गेहूं की फसल को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि ओलावृष्टि होने की स्थिति में नुकसान की आशंका है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है, इसलिए खुले स्थानों पर खड़े रहने से बचने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने संबंधित जिलों के आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विद्युत विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि तेज हवा या बारिश से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर त्वरित सुधार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group