मुजफ्फरनगर, 18 फरवरी26।  जनपद के मुजफ्फरनगर के हरसौली गांव में देर शाम एक प्राचीन शिव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और तनाव की स्थिति बन गई। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार रात लगभग आठ बजे कुछ युवक मंदिर परिसर में पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवकों ने पहले मंदिर के मुख्य द्वार पर शोर-शराबा किया और रोकने पर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और मंदिर प्रांगण में स्थापित भगवान शिव के वाहन नंदी तथा भगवान कार्तिकेय की प्रतिमाओं को क्षति पहुंचा दी गई।
मंदिर के महंत पुष्कर नाथ ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था और हाल में ही नई प्रतिमाओं की स्थापना की गई थी। घटना में उन्हें और एक सेवादार को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मंदिर की मरम्मत कराने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group