मुज़फ्फरनगर, 18 फरवरी 26। जनपद स्तरीय किसान दिवस का आयोजन  जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। दोपहर प्रारंभ हुई बैठक में विभिन्न विकास खंडों से आए किसान प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं, जिन पर संबंधित विभागों को मौके पर ही निर्देश जारी किए गए।
बैठक की शुरुआत में पिछली किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई प्रकरणों का समाधान कर दिया गया है, जबकि शेष मामलों पर कार्यवाही जारी है। साथ ही किसानों को कृषि विभाग तथा कृषि से जुड़े अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि वे सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठा सकें।
बैठक के दौरान किसानों ने जनपद के समस्त गन्ना तौल केंद्रों की जांच कराने की मांग उठाई। किसानों का कहना था कि तौल व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गन्ना तौल केंद्रों की जांच कराई जाए और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
इसके अतिरिक्त जल निगम द्वारा पाइपलाइन कार्य के दौरान कई ग्रामों की सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत भी प्रमुखता से उठी। किसानों ने रास्तों को पुनः दुरुस्त कराने की मांग की। इस पर प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत शीघ्र कराई जाएगी।
विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं को भी किसानों ने गंभीरता से उठाया। अपर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे व्यक्तिगत रूप से मामलों की निगरानी कर समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराएं। साथ ही प्रत्येक निस्तारण की साफ्ट प्रति जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड करने तथा उसकी हार्ड प्रति उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित अधिकारी समय से उपस्थित रहें, ताकि किसानों को तत्काल राहत मिल सके। अंत में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने उपस्थित किसानों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group