प्रयागराज। जनपद के बारा थाना क्षेत्र में तैनात इंस्पेक्टर विनोद कुमार सोनकर को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मंगलवार दोपहर 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई थाना परिसर के भीतर की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार भदोही जनपद के ज्ञानपुर क्षेत्र निवासी संतोष कुमार दुबे ने आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ दर्ज एक आपराधिक मुकदमे में राहत देने और नाम हटाने के लिए बारा थाने के इंस्पेक्टर द्वारा 75 हजार रुपये की मांग की जा रही है। लगातार दबाव बनाए जाने से परेशान होकर पीड़ित ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से संपर्क किया।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने योजनाबद्ध ढंग से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता रकम लेकर थाना परिसर पहुंचा। जैसे ही आरोपी इंस्पेक्टर ने रुपये अपने कब्जे में लिए, पहले से आसपास मौजूद टीम ने तत्काल उन्हें पकड़ लिया। मौके पर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। विभागीय स्तर पर भी जांच बैठा दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अवैध धन की मांग करे तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group