मुज़फ्फरनगर, 19 फरवरी26। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निराना में डेढ़ वर्षीय मासूम वहीब की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। परिजनों ने बच्चे के सौतेले पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच तेज कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
परिवार के मुताबिक वहीब अपनी मां आसमां और सौतेले पिता फैजान के साथ उत्तराखंड के मंगलौर क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे पर रह रहा था। बताया गया कि सोमवार शाम बच्चे की अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सौतेला पिता मौके से लापता हो गया, जिससे शक और गहरा गया।
मंगलवार देर रात जब मां बच्चे का शव लेकर अपने मायके निराना पहुंची तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सिखेड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर कई स्थानों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जो सामान्य गिरने या दुर्घटना से मेल नहीं खाते।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल उत्तराखंड के अंतर्गत आता है, इसलिए वहां की पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया है। संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गांव निराना में मासूम की मौत को लेकर गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group