मथुरा, 19 फरवरी26। जनपद के थाना मथुरा क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। मगोर्रा थाना क्षेत्र के नहला देविया पुल के समीप एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी, जिससे कार सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गांव नगला निवासी 23 वर्षीय राहुल चौधरी, 22 वर्षीय अमित चौधरी, 21 वर्षीय मोहित और उनका मित्र 22 वर्षीय दीपक एक रिश्तेदार की सगाई में शामिल होने के लिए राजस्थान के डीग की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मोड़ पर कार की रफ्तार अधिक थी। अचानक वाहन फिसला और सड़क किनारे की पटरी पार करते हुए सीधे गहरी नहर में समा गया।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मगोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू कराया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन मंगाकर कार को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चारों युवकों की सांसें थम चुकी थीं।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे में मोड़ का सही अनुमान न लग पाना हादसे का कारण प्रतीत हो रहा है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि मृतकों में तीन चचेरे भाई थे, जो एक ही परिवार से संबंध रखते थे। घर में सगाई की तैयारी चल रही थी, लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। गुरुवार सुबह जैसे ही चारों युवकों के शव गांव पहुंचे, सैकड़ों ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group