शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के कैराना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला की जान लेने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका ससुर ही था। इतना ही नहीं, साक्ष्य छिपाने में उसका पति भी शामिल पाया गया।
घटना कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव इस्सोपुर खुरगान की है। यहां 14 फरवरी की रात 26 वर्षीय मस्कुरा पत्नी सलमान का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआती सूचना में परिजनों ने इसे आत्महत्या बताया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने की बात कही गई और पोस्टमार्टम न कराने के लिए भी दबाव बनाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
पुलिस के अनुसार मृतका का ससुर अब्बास उर्फ बासा काफी समय से अपनी बहू पर गलत नजर रखता था। उसने बहू की निजी जिंदगी की जानकारी जुटाई और उसे विश्वास में लेकर जाल बिछाया। जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाली रात घर में ससुर ने तार और डंडे की मदद से दरवाजे की कुंडी खोली और कमरे में प्रवेश किया। विरोध करने पर उसने मस्कुरा का गला दबा दिया। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए उसी तरीके से दरवाजा भीतर से बंद कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
घटना के बाद अब्बास ने अपने बेटे सलमान को पूरी बात बताई। पुलिस के मुताबिक सलमान ने भी साक्ष्य छिपाने और कहानी गढ़ने में पिता का साथ दिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ हत्या, साजिश और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट तैयार की जा रही है।
