मुज़फ्फरनगर। जनपद मुज़फ्फरनगर के रतनपुरी क्षेत्र में एक प्रेम विवाह को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। युवती के परिजनों के विरोध के चलते नवविवाहित जोड़े ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गांव लोहड्डा, थाना रतनपुरी निवासी साक्षी पुत्री चमन ने जनपद बागपत के थाना दोघट क्षेत्र के गांव कन्हड़ निवासी अंकुर पुत्र अमरेश पाल के साथ विवाह किया है। दोनों की मुलाकात करीब तीन साल पहले एक पारिवारिक कार्यक्रम में हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।
परिजनों की नाराजगी को देखते हुए दोनों ने 11 फरवरी 2026 को विधिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट मैरिज कर ली। बताया जा रहा है कि युवक पक्ष के परिजन इस विवाह से सहमत हैं, जबकि युवती के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया। आरोप है कि विवाह के बाद युवती के परिजनों की ओर से फोन पर धमकियां दी जा रही हैं और दबाव बनाया जा रहा है।
नवदंपती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है, लेकिन विरोध के कारण वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिली है, मामले की जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उचित सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group