मुजफ्फरनगर। जिले में पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह पर करीब 80 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। थाना फुगाना और साइबर क्राइम पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में फरमान उर्फ फैजान निवासी कांधला (शामली), इरफान निवासी भोपा रोड मुजफ्फरनगर, सोनू कुमार निवासी खतौली, आरिफ निवासी मेरठ, नसीम निवासी देवबंद और विकास उर्फ विक्की निवासी जानसठ शामिल हैं। सभी आरोपी अलग-अलग जगहों से बैंक खाते और सिम कार्ड जुटाकर ठगी की रकम इधर-उधर ट्रांसफर करते थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को ऑनलाइन नौकरी, निवेश और ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देते थे। पहले लोगों से थोड़ी रकम डलवाते थे और विश्वास जीतने के बाद बड़ी रकम ठग लेते थे। ठगी की रकम कई खातों में घुमा दी जाती थी ताकि पुलिस तक सीधा सुराग न पहुंचे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 150 से ज्यादा बैंक खातों का रिकॉर्ड, 9 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, कई सिम कार्ड, दो लैपटॉप और आधार-पैन कार्ड की कॉपियां बरामद की हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, तमिलनाडु और केरल के लोगों को भी निशाना बना चुका है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
