मुज़फ़्फ़रनगर। जनपद मुज़फ़्फ़रनगर में पुलिस विभाग ने भ्रष्टाचार के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुढ़ाना थाना क्षेत्र की परसौली पुलिस चौकी के प्रभारी रिंकू सिंह और सिपाही राजकुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परसौली चौकी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ स्थानीय लोगों ने अवैध धन उगाही और पद के दुरुपयोग की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने प्रारंभिक जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर दोनों को लाइन हाजिर कर निलंबित कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार आरोप है कि चौकी स्तर पर कुछ मामलों में कार्रवाई के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर से भी रिपोर्ट तलब की गई।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि आम जनता से गलत व्यवहार या धन उगाही की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हलचल है और अन्य थानों व चौकियों को भी पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
