बागपत, 20 फरवरी 2026। जनपद बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी क्षेत्र में सोशल मीडिया से शुरू हुई एक दोस्ती ने परिवार में बड़ा मोड़ ला दिया। सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र के गांव भायला की रहने वाली 26 वर्षीय महिला अपने पति और दो बच्चों को छोड़कर फेसबुक पर बने प्रेमी के पास पहुंच गई। मामला टटीरी कोतवाली तक पहुंचा, जहां कई घंटे तक समझौते की कोशिश चलती रही।
जानकारी के अनुसार महिला की शादी करीब तीन साल पहले मुकेश से हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। करीब एक साल पहले महिला की फेसबुक पर टटीरी निवासी 22 वर्षीय युवक सचिन से बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
परिजनों का कहना है कि महिला पहले भी दो-तीन बार युवक से मिलने आई थी, लेकिन समझाकर वापस भेज दिया गया था। इस बार वह सीधे टटीरी पहुंच गई और पति के साथ लौटने से साफ इंकार कर दिया। सूचना मिलते ही पति और ससुराल पक्ष के लोग भी कोतवाली पहुंच गए।
कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। पुलिस ने महिला से साफ पूछा तो उसने कहा कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ रहना चाहती है। पुलिस ने दोनों की उम्र की जांच की, जो बालिग पाई गई। इसके बाद पति ने पत्नी को अपने साथ ले जाने से मना कर दिया और वापस लौट गया।
बताया जाता है कि बाद में दोनों ने पास के मंदिर में शादी कर ली और साथ रहने का फैसला कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामला आपसी सहमति का है और किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
