मेरठ। मोहन भागवत की यात्रा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब वे जिस वंदे भारत एक्सप्रेस से मेरठ आ रहे थे, उस पर हरदोई जिले में अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। घटना में ट्रेन के एक कोच की खिड़की का शीशा टूट गया, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
सूत्रों के अनुसार वाराणसी से मेरठ की ओर आ रही ट्रेन हरदोई जनपद के कौड़ा गांव के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रैक किनारे से अचानक पत्थर फेंके गए। एक पत्थर सीधे कोच की खिड़की से टकराया, जिससे कांच चटक गया और डिब्बे के भीतर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आईपीएफ और जीआरपी सक्रिय हो गई। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शरारती तत्वों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है।
ट्रेन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मेरठ पहुंची, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संघ प्रमुख कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ट्रेन से उतरे और अपने तय कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीर मानते हुए संबंधित रूट पर निगरानी बढ़ाने और दोषियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए हैं। घटना ने एक बार फिर रेल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group