शामली। शहर के आदर्श मंडी क्षेत्र में एक विवाह समारोह उस समय विवाद में बदल गया जब एक युवक ने मौके पर पहुंचकर दुल्हन को अपनी पत्नी बताते हुए दूसरी शादी रुकवा दी। घटना विदाई की रस्म के दौरान हुई, जिससे समारोह स्थल पर अफरातफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार दुल्हन पायल का विवाह विकास चौधरी, निवासी करनाल (हरियाणा), के साथ संपन्न हो चुका था और विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी बीच संदीप कुमार, निवासी बागपत, अपने परिजनों के साथ विवाह स्थल पर पहुंचा। उसने दावा किया कि पायल उसकी विधिवत पत्नी है और दोनों के बीच अभी तक तलाक नहीं हुआ है।
संदीप के विरोध के बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो धक्का-मुक्की में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
बताया गया कि हंगामे के बीच युवती विवाह स्थल से नए दूल्हे के साथ चली गई। बाद में संदीप कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की अवैध तरीके से दूसरी शादी कराई गई और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
आदर्श मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों से दस्तावेज मांगे गए हैं। विवाह, तलाक और वैधानिक स्थिति की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा होने के कारण पुलिस सतर्कता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group