शामली। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने शामली रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति परखी। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, पेयजल व्यवस्था तथा स्वच्छता मानकों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीआरएम ने बताया कि भारतीय रेल की प्राथमिकता सूची में शामिल शाहदरा-टपरी रेलखंड के दोहरीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सर्वेक्षण और तकनीकी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर परियोजना को धरातल पर उतारा जाए। इस रेलमार्ग के दोहरीकरण से ट्रेनों की आवाजाही सुचारु होगी, देरी कम होगी और मालगाड़ियों के संचालन को भी गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन भवन के नवीनीकरण, प्रतीक्षालयों के विस्तार और दिव्यांगजन सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना पर काम चल रहा है। डीआरएम ने विशेष रूप से साफ-सफाई और यात्रियों को स्पष्ट सूचना उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोहरीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद इस रूट पर ट्रैफिक दबाव कम होगा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को अधिक ट्रेनों का लाभ मिल सकेगा। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने भी स्टेशन विकास की पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि परियोजनाएँ तय समय में पूरी की जाएगी ।
