अहमदाबाद। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद गुरुवार को उस समय सुरक्षा अलर्ट पर आ गई, जब शहर के 15 प्रमुख स्कूलों के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम धमाके की धमकी भेजी गई। ई-मेल मिलते ही स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।
सूचना के आधार पर स्थानीय थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग इलाकों में स्थित स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू की। जिन स्कूलों को धमकी मिली, उनमें सेंट जेवियर्स स्कूल (मेमनगर), केलोरैक्स स्कूल (घाटलोडिया), डीपीएस बोपल, स्वयंम स्कूल, संत कबीर स्कूल की तीन शाखाएं, महात्मा गांधी इंटरनेशनल स्कूल (मिठाखली), जीनेवा लिबरल स्कूल (एसपी रिंग रोड), आर्मी पब्लिक स्कूल व केंद्रीय विद्यालय (शाहिबाग), रेड ब्रिक्स स्कूल (सैटेलाइट), जेडी हाई स्कूल (नरोडा) और एपल ग्लोबल स्कूल शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार धमकी भरे ई-मेल में दोपहर 1:11 बजे विस्फोट की बात लिखी गई थी। साथ ही 26 जनवरी को स्कूल परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज न फहराने जैसी भड़काऊ पंक्तियां भी थीं, जिससे मामले को गंभीरता से लिया गया।
एहतियातन कई स्कूलों में कक्षाएं स्थगित कर दी गईं और अभिभावकों को सूचना देकर छात्रों को घर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी भी स्कूल से कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
फिलहाल साइबर सेल ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी कहां से और किस मकसद से भेजी गई। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group