आंध्र प्रदेश के डॉ. बी. आर. आंबेडकर कोनासीमा जिले के मलिकिपुरम मंडल स्थित इरसुमंदा गांव में ONGC के मोरी-5 तेल कुएं पर सोमवार को अचानक गैस रिसाव और आग की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया गया कि कुएं पर मरम्मत का कार्य चल रहा था, इसी दौरान गैस का दबाव बढ़ने से रिसाव हुआ और देखते-ही-देखते आग भड़क उठी, जिससे आसमान में धुआं फैल गया।
घटना के बाद आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर निकल पड़े। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इरुसुमंदा सहित नजदीकी बस्तियों को खाली करवाया और क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया।
ONGC के तकनीकी अधिकारी, फायर ब्रिगेड और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचकर रिसाव नियंत्रित करने और आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने लोगों से बिजली उपकरण और आग-ज्वलनशील साधनों का उपयोग न करने की अपील की है। वहीं प्रशासन ने कहा है कि स्थिति सामान्य होने तक ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सलाह दी गई है।
