बिजनौर के तिसोतरा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। तीन दिनों से लापता चल रहे सौरभ तोमर का शव गन्ने के खेत में मिलने के बाद शुरू हुई पुलिस जांच ने एक ऐसे सच से पर्दा उठाया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
पोस्टमार्टम में सामने आया कि सौरभ की मौत किसी हादसे से नहीं, बल्कि धारदार हथियार से किए गए कई वारों के कारण हुई थी। सिर व गर्दन पर गहरे घाव स्पष्ट तरीके से हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। मामले की गंभीरता बढ़ने पर पुलिस ने परिवार वालों से पूछताछ शुरू की, जिसके दौरान सौरभ के पिता सुभाष तोमर टूट गए और हैरान करने वाली सच्चाई सामने आई।
आरोपी पिता ने कबूल किया कि उसके और सौरभ की पत्नी के बीच नाजायज़ संबंध थे। कुछ दिन पहले सौरभ ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद वह लगातार इसका विरोध कर रहा था। खुलासे के डर से सुभाष ने बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
घटना वाले दिन सुभाष खेत में पहुंचे और पहले तमंचे से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। इसके बाद उसने फावड़ा उठाकर बेटे के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात छिपाने के लिए पिता ने खुद ही बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना ने गांव में भारी सदमे और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

