प्रयागराज। चर्चित लोकगायिका और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट नेहा सिंह राठौर को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। अब इस फैसले के बाद पुलिस के लिए उनकी गिरफ्तारी का कानूनी रास्ता खुल गया है।
मामला कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है। आरोप है कि नेहा सिंह राठौर ने इस घटना के बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और केंद्र सरकार को लेकर आपत्तिजनक बयान दिए थे। इन पोस्टों को राष्ट्र विरोधी भावना फैलाने वाला बताते हुए उनके खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से अदालत को बताया गया कि नेहा सिंह राठौर को कई बार पूछताछ के लिए नोटिस भेजे गए, लेकिन उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया और न ही पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए उपस्थित हुईं। इसी आधार पर अदालत ने कहा कि इस स्तर पर उन्हें अग्रिम जमानत देना उचित नहीं है।
हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद अब पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए स्वतंत्र हो गई है।
