चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से प्रशासनिक व्यवहार पर सवाल खड़ा करने वाला एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को बीच सड़क पर रोका गया है, उससे कान पकड़कर माफी मंगवाई जा रही है और कुछ लोगों द्वारा थप्पड़ मारने का दृश्य भी सामने आया है। आरोप है कि यह कार्रवाई एसडीएम राकेश पाठक की सरकारी गाड़ी को ओवरटेक करने के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम मौनी अमावस्या मेले की ड्यूटी पूरी कर लौट रहे थे। इसी दौरान एक स्थानीय युवक बाइक से आगे निकल गया। इसे प्रशासनिक वाहन की अवहेलना माना गया। इसके बाद सरकारी वाहन को रुकवाया गया और युवक को मौके पर ही सबक सिखाया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। आम लोगों और सोशल मीडिया यूज़र्स ने सवाल उठाया है कि क्या किसी सामान्य नागरिक को इस तरह सार्वजनिक रूप से अपमानित करना उचित है। वहीं एसडीएम राकेश पाठक का कहना है कि युवक को केवल समझाया गया और किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई।
फिलहाल जिला प्रशासन ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की बात कही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group