शामली। जिले की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने उस तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है, जो कूरियर सर्विस के जरिए लंबे समय से स्मैक की सप्लाई कर रहा था। कैराना के गंदराऊ गांव में की गई दबिश के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 4.102 किलोग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। साथ ही 33 हजार नकद और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि गिरोह का पूरा खेल राजस्थान से शुरू होकर हरियाणा होते हुए शामली तक चलता था। हेरोइन को गंदराऊ स्थित एक ठिकाने पर लाया जाता था, जहां उसे प्रोसेस कर स्मैक में बदलकर पश्चिमी यूपी और हरियाणा के कई जिलों में भेजा जाता था। तस्करों की पकड़ के बाद पुलिस अब कोरियर कंपनी की भूमिका, सप्लायर और खरीदारों की पूरी चेन को खंगाल रही है।
कई दिनों तक की गई गोपनीय निगरानी के बाद पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। अधिकारियों का मानना है कि गिरोह से खुलासे का यह सिर्फ शुरुआती चरण है और आगे तस्करी नेटवर्क की कई और परतें सामने आने की उम्मीद है। यह कार्रवाई जिले में नशा तस्करी के खिलाफ सबसे बड़ी कामयाबियों में से एक मानी जा रही है।

