हरिद्वार। कुख्यात अपराधी और हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी की शनिवार सुबह एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बुधवार को लक्सर कोर्ट पेशी के लिए लाया जा रहा था, इसी दौरान लक्सर फ्लाईओवर के पास बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस काफिले पर फायरिंग कर दी थी।
फायरिंग में विनय त्यागी को कई गोलियां लगी थीं, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। घटना के तुरंत बाद उसे पहले सीएचसी लक्सर और फिर गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार विनय त्यागी के खिलाफ अनेक आपराधिक प्रकरण दर्ज थे और वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का चिन्हित हिस्ट्रीशीटर था। घटना के बाद हरिद्वार, लक्सर और रुड़की में अलर्ट जारी करते हुए चेकिंग व नाकेबंदी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने कहा कि हमले के पीछे शामिल आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, रूट मैप और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। जांच टीम को जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
