खतौली (मुज़फ्फरनगर)। विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर खतौली प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए शुक्रवार को बूथ-स्तर की तैयारियों का जायज़ा लिया। एसडीएम निकिता शर्मा ने नगर और ग्रामीण क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर अचानक पहुँचकर बीएलओ के कार्य की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से घर-घर किए जा रहे सत्यापन कार्य, नये मतदाताओं के पंजीकरण और पुरानी प्रविष्टियों के सुधार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। एसडीएम ने बीएलओ को निर्देश दिया कि 4 दिसंबर तक चल रहे अभियान में किसी भी eligible मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए और सभी एसएफ-फॉर्म की ऑनलाइन फीडिंग समय पर पूरी हो।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता ही पारदर्शी व विश्वसनीय चुनाव प्रक्रिया की नींव है, इसलिए हर बूथ पर कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित होना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अभियान में सहयोग की अपील भी की।
अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के बाद कई बूथों पर निर्देश तुरंत लागू कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

