गोवा के पर्यटन क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। अरपोरा इलाके में स्थित एक मशहूर नाइट क्लब में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नाइट क्लब में उस समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह क्लब में रखा गया गैस सिलेंडर फटना बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना में जान गंवाने वालों में क्लब का स्टाफ, पर्यटक और स्थानीय लोग शामिल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। अस्पतालों में घायलों के परिजनों की भीड़ लगी हुई है।

मुख्यमंत्री ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है। पुलिस ने क्लब संचालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

इस हादसे ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि क्या अग्निशमन उपकरण सही हालत में थे या नहीं और क्या भीड़ नियंत्रण के नियमों का पालन किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group