
झांसी में मतदाता सूची से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ओरछा गेट के कछियाना इलाके की वोटर लिस्ट में फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन के नाम से एक मतदाता दर्ज मिला। सूची में पिता का नाम हरिवंशराय बच्चन और मकान नंबर 54 लिखा है। हैरानी की बात यह है कि रिकॉर्ड में इस नाम वाले व्यक्ति द्वारा वर्ष 2003 में मतदान करने का उल्लेख भी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस पते पर ऐसा कोई व्यक्ति कभी नहीं रहा और उन्होंने बिग-बी को सिर्फ फिल्मों में ही देखा है। मामला वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच शुरू की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान मतदाता सूची में ऐसा कोई नाम शामिल नहीं है।
