मुजफ्फरनगर। उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड और लगातार जारी शीतलहर का असर अब जनजीवन के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर जिले में प्रशासन ने स्कूली बच्चों के हित में बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मुजफ्फरनगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में नर्सरी से कक्षा आठ तक संचालित सभी विद्यालयों को दो दिनों के लिए बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
यह अवकाश सोमवार 12 जनवरी 2026 और मंगलवार 13 जनवरी 2026 को लागू रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, राजकीय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य सभी बोर्डों से संबद्ध स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।
प्रशासन के अनुसार सुबह के समय घना कोहरा, कम दृश्यता और तापमान में लगातार गिरावट बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने सभी विद्यालय प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
ठंड और शीतलहर का असर: मुजफ्फरनगर में नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में 12 और 13 जनवरी को अवकाश
