मुजफ्फरनगर। क्रिसमस और नए साल से पहले जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में शनिवार रात मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने स्टेशन के हर कोने में मौजूद यात्रियों, कुलियों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन तलाशी ली।
अभियान के दौरान यात्रियों के बैग, ट्रॉली और अन्य सामान को जांच उपकरणों की मदद से चेक किया गया। बिना पहचान के घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक थी।
सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें।
पुलिस की इस कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और स्टेशन पर कानून-व्यवस्था मजबूत होती दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group