उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ दहेज उत्पीड़न केस की जांच कर रहा सब-इंस्पेक्टर ही हत्या का आरोपी निकला। पुलिस के अनुसार, एसआई अंकित कुमार यादव उस महिला का केस देख रहा था, जिसकी बाद में हत्या हुई। शुरुआती जांच में जब सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन मैच होने लगी तो टीम का शक उसी पर गया। पूछताछ में अंकित टूट गया और उसने कबूल किया कि 12 नवंबर की रात दोनों के बीच विवाद बढ़ जाने पर उसने लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे खंदक में फेंक गया।
पुलिस ने आरोपी की कार, हथियार और कई डिजिटल सबूत बरामद कर लिए हैं। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है कि जिस अधिकारी पर न्याय दिलाने की जिम्मेदारी थी, वही कानून तोड़ने वाला निकला। विभाग ने आरोपी को तत्काल निलंबित कर जेल भेज दिया है। मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

