दिल्ली के लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके की जांच अब वित्तीय नेटवर्क तक जा पहुँची है। इसी क्रम में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को अल-फलाह यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्टों पर एक व्यापक छापा अभियान चलाया। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध फंडिंग के शक में कई राज्यों में एक साथ की गई।
ईडी को आशंका है कि धमाके की साजिश रचने वाले गिरोह को आर्थिक मदद एक संगठित चैनल के माध्यम से मिल रही थी। इसी कड़ी में एजेंसी ने दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश में 30 से अधिक स्थानों पर दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और बैंक लेन-देन की जांच की। यूनिवर्सिटी प्रबंधन से जुड़े पुराने आवास, ट्रस्ट कार्यालय और निजी ठिकाने भी तलाशी में शामिल रहे।
ईडी टीमों ने कई संदिग्ध वित्तीय दस्तावेज कब्जे में लिए हैं, जिनसे फंडिंग के स्रोत और इसके उपयोग की जानकारी मिल सकती है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी जब्त किया गया है, जिन्हें फॉरेंसिक टीम जांचेगी।
लालकिला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुए धमाके में कई लोगों की मौत और घायल होने के बाद से जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क को खंगाल रही थीं। ईडी की यह दबिश उसी बड़े ऑपरेशन का हिस्सा है और आने वाले दिनों में और ठिकानों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group