
मुज़फ्फरनगर । विकास भवन सभागार में सांसद हरेंद्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर विभागों द्वारा की गई कार्रवाई और प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया।
सांसद ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएँ और जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए पत्राचार और फोन कॉल का समय से संज्ञान लिया जाए तथा विकास कार्यों की सूची नियमित रूप से जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में मनरेगा, आजीविका मिशन, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत, पीएम कुसुम योजना, पेयजल मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने निर्देश दिए कि दिव्यांगजन सर्वे कर कैंप लगाकर उपकरण वितरण कराया जाए, मंडी समिति की खराब सड़कों और जल निगम के कार्यों से क्षतिग्रस्त मार्गों को जल्द सुधारा जाए।
बैठक में विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाधिकारी एवं सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
