सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवबंद के घलौली चेकपोस्ट के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने से सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मुजफ्फरनगर के खालापार मोहल्ला निवासी दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान शाहरुख (25) और शाहिद (22), निवासी खालापार, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। दोनों अपने मित्र रोहित के साथ कार से देवबंद से लौट रहे थे। जैसे ही कार घलौली चेकपोस्ट के पास पहुंची, तेज गति के कारण वाहन असंतुलित हो गया और डिवाइडर लांघते हुए विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गया।
दूसरी कार चला रहे गुलबहार निवासी पठानपुरा, थाना देवबंद भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और देवबंद सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group