सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की वजह जानकर हर कोई सन्न रह गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतक रामकिशन अपने कमरे में सो रहा था, तभी उसकी पत्नी सरिता ने अपने प्रेमी सतपाल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि पहले तकिए से मुंह दबाकर उसकी सांसें रोकी गईं। जब रामकिशन ने विरोध किया और छटपटाया तो सरिता ने उसके निजी अंगों पर कई बार वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में सामने आया है कि मृतक रामकिशन और सतपाल आपस में गहरे दोस्त थे। सतपाल का घर आना-जाना लगा रहता था। इस दौरान सरिता उसके लिए तरह-तरह के व्यंजन बनाती थी, जिनकी सतपाल खुलकर तारीफ करता था। बताया जा रहा है कि यहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अवैध संबंध बन गए, जो आखिरकार इस जघन्य हत्या का कारण बने।
हत्या के बाद मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने सरिता को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है, जबकि फरार आरोपी सतपाल की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

