पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में सुरक्षा हालात एक बार फिर बिगड़ गए हैं। खुजदार जिले के ओरनाच इलाके में सोमवार को सेना के काफिले पर सुनियोजित हमला किया गया, जिसमें छह पाकिस्तानी सैनिकों की जान चली गई। यह हमला उस समय हुआ जब काफिला क्षेत्र में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था।
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक हमलावरों ने पहाड़ी इलाके का फायदा उठाते हुए सड़क किनारे से पहले विस्फोट किया और उसके बाद भारी गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में एक सैन्य वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया, जबकि कई जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज सैन्य अस्पताल में चल रहा है।
घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया और सेना व अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। प्रारंभिक रिपोर्ट में संकेत मिले हैं कि हमला एक प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन द्वारा किया गया है, जिसने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जिम्मेदारी भी ली है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बलोचिस्तान में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं वहां की जमीनी असंतोष, संसाधनों के बंटवारे और राजनीतिक तनाव को दर्शाती हैं। इस हमले के बाद केंद्र सरकार और सेना पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दबाव और बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group