पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब करणी सेना के जिलाध्यक्ष पर घात लगाकर जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि संगठन से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करणी सेना के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौड़ (उम्र लगभग 35 वर्ष), जो पेशे से फल व्यापारी बताए जा रहे हैं, रात करीब 10:30 बजे अपने काम निपटाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जहानाबाद रेलवे क्रॉसिंग के पास स्टेशन रोड क्षेत्र में पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे कुछ हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया और तमंचे की बट से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर रविंद्र को मृत समझकर पास के गन्ने के खेत में फेंककर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद होश में आने पर घायल ने स्वयं परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित का आरोप है कि हमला पुरानी व्यापारिक रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम है। उनका कहना है कि फल मंडी से जुड़े विवाद को लेकर पहले भी उन्हें धमकियां मिल चुकी थीं। घायल जिलाध्यक्ष ने सुरक्षा में लापरवाही और पहले दी गई शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई न होने की बात भी कही है।
पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की पहचान की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना के बाद करणी सेना कार्यकर्ताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
