लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर विशेष पहचान बनाने जा रही है। बसंत कुंज योजना क्षेत्र में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित होगा।
करीब 65 एकड़ में फैले इस भव्य परिसर में राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े महापुरुषों के जीवन, दर्शन और योगदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। यहां विशाल प्रतिमाएं, डिजिटल गैलरी, ध्यान स्थल, सभागार और खुले पार्क विकसित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, वहीं यातायात और पार्किंग को लेकर विशेष प्लान लागू किया गया है। कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल को केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय विचारों की जीवंत पाठशाला के रूप में विकसित किया गया है, जो युवाओं को देश सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।
