बागपत/बड़ौत। शहर के नेहरू रोड इलाके में एक निजी मकान के भीतर संचालित किए जा रहे अवैध नर्सिंग होम पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को छापा मारा। यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी भावना सिंह, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा औषधि निरीक्षण शाखा के संयुक्त निरीक्षण के दौरान की गई।
सूत्रों के अनुसार संस्था के पास केवल ओपीडी संचालन की अनुमति है, जबकि मौके पर भर्ती वार्ड चल रहा था। जांच के समय वार्ड में सात मासूम बच्चे उपचाराधीन पाए गए। आश्चर्यजनक रूप से पंजीकरण में दर्ज चिकित्सक मौजूद नहीं था और बच्चों को दवाएं एक फार्मासिस्ट द्वारा दी जा रही थीं।
टीम को अस्पताल में रखी दवाइयों, इंजेक्शन और अभिलेखों की भी विस्तृत जांच करनी पड़ी। लाइसेंस, चिकित्सकीय स्टाफ, बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण और उपकरणों से जुड़े कई बिंदुओं पर गंभीर कमियां सामने आईं। बच्चों को सुरक्षित मानते हुए उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौत रेफर किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि संस्था संचालक नसीम को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। जांच पूरी होने पर नर्सिंग होम को सील करने के साथ-साथ क्लिनिक एक्ट एवं अन्य अधिनियमों के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group