बागपत। जनपद के कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब बाबूगढ़ रोड के समीप एक खेत में बने बिटौड़े से अज्ञात जला हुआ शव बरामद किया गया। सुबह ग्रामीणों ने बिटौड़े से धुआं उठते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद जांच में सामने आया कि बिटौड़े के भीतर एक शव लगभग पूरी तरह जल चुका था। शव की पहचान फिलहाल संभव नहीं हो सकी है। मौके से एक जोड़ी महिला चप्पल और जले हुए कपड़ों के अवशेष मिलने के कारण पुलिस यह मानकर चल रही है कि शव किसी महिला का हो सकता है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि कोतवाली क्षेत्र के नेथला गांव की एक महिला 7 जनवरी से लापता है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले दर्ज कराई जा चुकी है। पुलिस इस जले हुए शव और महिला की गुमशुदगी के बीच संबंध की गहराई से जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से राख, कपड़ों के टुकड़े और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं डीएनए परीक्षण के लिए संबंधित परिजनों के नमूने लेने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला हत्या का हो सकता है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा। इलाके में एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group