मुज़फ़्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बाईपास स्थित दधेडू पुल के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी पवन उर्फ देव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लापता किशोरी को भी सुरक्षित बरामद कर लिया।
परिजनों के अनुसार 15 वर्षीय लड़की 11 नवंबर को बाजार सामान लेने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। खोजबीन के दौरान पता चला कि उसे शादी का झांसा देकर असामाजिक तत्वों ने अपने साथ ले लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर खोज अभियान शुरू किया।
थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और घटना में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर कड़ी की जांच की जा रही है।
