बिजनौर। सहसपुर तहसील के यूपी ग्रामीण बैंक कार्यालय में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बुधवार सुबह छापेमारी करते हुए बैंक के शाखा प्रबंधक मो. नासिर, फील्ड ऑफिसर रवि कुमार, और कैज़ुअल वर्कर संजीव सिंह को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। यह गिरफ़्ती मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के ऋण वितरण में भ्रष्ट तरीके से धन वसूलने के आरोप में हुई है।
शिकायत में कहा गया कि शिकायतकर्ता की पत्नी को योजना के तहत ₹5,00,000 का व्यवसायिक ऋण चाहिए था। आवेदन के बाद शाखा प्रबंधक और फील्ड ऑफिसर ने ऋण मंज़ूर कराने का वादा करते हुए ₹40,000 से ₹45,000 रिश्वत की डिमांड की। आरोपी यह राशि निजी वर्कर संजीव सिंह के जरिये ले रहे थे। CBI ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया और तीनों को रुपये लेते समय धर दबोचा।
सहायक CBI एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के गलत लेन-देनों के कई संकेत मिले हैं। बैंक के भीतर कागज़ों में गड़बड़ी और सॉफ़्टवेयर में अप्राकृतिक प्रविष्टियों की भी जानकारी मिली है। एजेंसी अब बैंक की रिकॉर्ड जांच, मोबाइल कॉल डेटा, और ऑफ़िस रजिस्टर की जांच कर रही है ताकि पता चल सके कि कितने लोग इस घपले में शामिल थे।
बिजनौर प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी पारदर्शिता से होगी और दोषियों को कानून के तहत सख्त सज़ा दिलाई जाएगी।
