मुजफ्फरनगर | तहसील बुढ़ाना परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने स्वयं फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण फाइलों में नहीं, बल्कि मौके पर दिखाई देना चाहिए।
अधिकारियों से कहा गया कि हर शिकायत की निष्पक्ष जांच कर तय समयसीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से महिला अपराधों से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 34 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, विद्युत आपूर्ति, सड़क, नगर निकाय व श्रम विभाग से जुड़े मामले प्रमुख रहे। मौके पर ही 3 शिकायतों का समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया, एसडीएम अपूर्वा यादव, तहसीलदार महेंद्र सिंह समेत जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
