सहारनपुर। देवबंद थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र शर्मा को विवादित बयान देने के मामले में लाइन हाजिर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह थाने में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कथित तौर पर आतंकियों को मजहब के आधार पर गिनाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में उन्होंने देश के कुछ मामलों का उदाहरण देते हुए हिंदू आतंकियों की सूची का ज़िक्र किया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चाओं में आ गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर फैलते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ी और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। मामले की गंभीरता देखते हुए एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभाग में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से संतुलित और संवेदनशील व्यवहार की अपेक्षा होती है। मामले की जांच जारी है।

