मुज़फ्फरनगर। सहारनपुर मंडल में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर प्रशासनिक गतिविधियाँ मंगलवार को पूरे दिन तेज रहीं। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर और विभिन्न विभागीय इकाइयों का निरीक्षण कर प्रगति का आकलन किया। उनके साथ जिलाधिकारी उमेश मिश्रा भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने तहसील बुढाना क्षेत्र में चल रहे विशेष पुनरीक्षण कार्यों की फील्ड रिपोर्ट ली। मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, फॉर्म भरने की गति और सूची संशोधन की पारदर्शिता को लेकर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सुधार, जोड़-घटाव और सत्यापन कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित होने चाहिए।

इसके बाद वे कलेक्ट्रेट स्थित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर (DCC) पहुंचे। यहां उन्होंने जनशिकायतों के निस्तारण, कॉल मॉनिटरिंग सिस्टम और रिकॉर्ड अपडेट की स्थिति की गहरी पड़ताल की। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसी क्रम में जिला पंचायत सभागार में SIR अभियान में सराहनीय कार्य करने वाले BLO और सुपरवाइजर्स को सम्मानित भी किया गया। मंच पर बुलाकर शॉल और प्रशस्ति-पत्र देकर मनोज रानी, बिजेंद्रकांत, प्रदीप कुमार, संदीप कुमार और शमीम अहमद को सम्मानित किया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि ऐसे कर्मी चुनाव व्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
लेकिन इसी दिन अभियान में लापरवाही भी उजागर हुई। मतदाता सूची अपडेट की धीमी गति और फॉर्म की ऑनलाइन एंट्री को लेकर मंडलायुक्त ने सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर सहित कुल 22 अधिकारियों व BLO को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार जिले में संशोधन कार्य का मात्र लगभग 22 प्रतिशत हिस्सा ही पूरा हो सका है, जिसे गंभीर चूक माना गया है।
मंडलायुक्त ने दो दिनों के भीतर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि मतदाता सूची अद्यतन करना शीर्ष प्राथमिकता है और सभी टीमों को नए सिरे से कार्ययोजना मजबूत कर तुरंत प्रभाव से क्रियान्वयन करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group