मुज़फ्फरनगर, 01 जनवरी 2026। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति (फेज-5.0) अभियान के अंतर्गत जनपद मुज़फ्फरनगर में सोमवार को एण्टी–रोमियो टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में संचालित किया गया, जिसके तहत जनपद के सभी थानों की टीमों ने कस्बों, बाजारों, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों तथा धार्मिक परिसरों के आसपास भ्रमण कर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित किया।
अभियान के दौरान टीमों ने सुरक्षा एवं आत्मविश्वास से जुड़े मुद्दों पर वार्ता करते हुए पम्पलेट और सूचना सामग्री के माध्यम से महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी उपलब्ध कराई। इनमें डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन-स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102 और एम्बुलेंस सेवा-108 प्रमुख रहीं। साथ ही ट्विटर सेवा और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।
टीमों द्वारा महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस दौरान निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केन्द्र योजना जैसी महिला-केंद्रित योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं सहायता तंत्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति केन्द्र तथा स्थानीय थाना, आवश्यकता पड़ने पर महिलाओं को त्वरित सहयोग प्रदान करने के लिए तत्पर हैं।
अभियान के दौरान एण्टी–रोमियो टीमों ने छात्राओं, कामकाजी महिलाओं, दुकानदारों एवं राहगीरों को सुरक्षा-संबंधी अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया तथा असामाजिक तत्वों के प्रति तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत क्षेत्रीय निगरानी, गश्त एवं प्वाइंट-चेकिंग भी मजबूत की गई है।
जिलास्तरीय अधिकारियों के अनुसार मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य जनपद में महिलाओं व बालिकाओं के बीच सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करना है, ताकि वे निडर होकर अपने अधिकारों का उपयोग कर सकें और आवश्यकतानुसार उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group