मुजफ्फरनगर। बुढाना पुलिस ने वाहन फर्जीवाड़े के एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करोड़ों रुपये मूल्य के वाहन, फर्जी दस्तावेज तथा नकली पहचान पत्र बरामद किए हैं। कार्रवाई को क्षेत्र में हाल के समय में हुई सबसे बड़ी वाहन धोखाधड़ी पकड़ में माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बुढाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर थाना पुलिस की विशेष टीम ने घेराबंदी की। खतौली तिराहे के पास एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन भगाने लगा। पीछा कर पुलिस ने ट्रक को रोक लिया और दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने संगठित गिरोह के तौर पर काम करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मेहरबान अली उर्फ कारी तथा अफज़ाल निवासी शामली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चार ट्रक, दो मोटरसाइकिल, कई फर्जी आधार कार्ड, नकली आरसी, एक फर्जी नंबर प्लेट तथा मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद वाहनों और सामान की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी पहचान के आधार पर वाहनों को फाइनेंस कराता था। बाद में इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर उन्हें दूरदराज राज्यों, विशेषकर अरुणाचल प्रदेश आदि में पंजीकृत कराया जाता था। इसके बाद वाहनों को असली कागजात बताकर ऊंची कीमत पर बेच दिया जाता था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए खुलासे को बड़ी सफलता बताया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की कड़ियों की तलाश में जुटी है।
