मुज़फ्फरनगर। जनपद में लगातार बढ़ रही ठंड, शीतलहर और कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद मुज़फ्फरनगर में संचालित कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, राजकीय एवं सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य सभी बोर्डों के विद्यालयों में दिनांक 14 जनवरी 2026 (बुधवार) को अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन के निर्देशों के क्रम में यह फैसला अत्यधिक ठंड और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश सभी प्रकार के विद्यालयों पर समान रूप से लागू रहेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार द्वारा जारी आदेश में विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया गया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।
इस निर्णय से अभिभावकों और छात्रों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि बीते कई दिनों से सुबह के समय घना कोहरा और शीतलहर जनजीवन को प्रभावित कर रही है।
