मुज़फ़्फ़रनगर। महिला आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिले भर की आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियाँ और सहायिकाएँ कलेक्ट्रेट परिसर पहुँचीं और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा और कार्य सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई गई।
संघ की जिलाध्यक्ष कृष्णा प्रजापति ने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मी गांव-गांव में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता, टीकाकरण सहयोग और सरकारी योजनाओं के सर्वे जैसे महत्वपूर्ण कार्य करती हैं, लेकिन उन्हें मिलने वाला मानदेय बेहद कम है। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने के बावजूद वर्षों से मानदेय में अपेक्षित वृद्धि नहीं की गई।
कार्यक्रम का संचालन सोनिया रानी ने किया। सभा को संबोधित करते हुए कुसुम लता चौधरी ने कहा कि कार्यकर्त्रियों को स्थायी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और सेवा शर्तों को स्पष्ट किया जाए। प्रदर्शन में रामदुलारी, राजबीरी, सतबीरी, गीता शुक्ला, सरिता त्यागी, मीरा त्यागी सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ शामिल रहीं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर शासन स्तर पर भेजने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group