मुजफ्फरनगर, 8 जनवरी 2026। किसानों को रासायनिक कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से राहत दिलाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने सोलर लाइट ट्रैप योजना शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत किसानों को कीट नियंत्रण के लिए सोलर आधारित लाइट ट्रैप 75 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कृषि रक्षा अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल आईपीएम (इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट) को प्रोत्साहित करने के लिए की गई है, जिससे मित्र कीटों को सुरक्षित रखते हुए हानिकारक कीटों पर नियंत्रण किया जा सके। जनपद के किसानों के लिए कुल 900 सोलर लाइट ट्रैप प्राप्त हुए हैं, जिन्हें सभी विकास खंडों में 100-100 के लक्ष्य के अनुसार वितरित किया जाएगा।
यह सोलर लाइट ट्रैप किसानों को प्रथम आवक–प्रथम पावक के आधार पर दिए जाएंगे। एक सोलर लाइट ट्रैप की कीमत 635 रुपये है, जिसमें से 431 रुपये अनुदान के रूप में सीधे किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे।
योजना का लाभ उठाने के इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल https://agridarshan.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने विकासखंड की कृषि रक्षा इकाई या कार्यालय कृषि रक्षा अधिकारी, मुजफ्फरनगर में सुनील कुमार, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (कृषि रक्षा) से मोबाइल नंबर 9451916185 पर संपर्क कर सकते हैं।
