मुज़फ्फरनगर, 17 जनवरी 2026। तहसील खतौली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण पर विशेष जोर दिया। तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के दौरान राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका व नगर पंचायत से जुड़े मामले, राजस्व विवाद, श्रम विभाग, वृद्धावस्था पेंशन, बिजली बिल, सड़क निर्माण व मरम्मत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं। कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 का मौके पर समाधान कर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें और वास्तविक स्थिति का आकलन कर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव न हो, उनकी स्थिति शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से बताई जाए।
सीडीओ ने यह भी निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को अपलोड करने से पहले गहनता से पढ़ने पर बल दिया, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो।
बैठक में उप जिलाधिकारी निकिता शर्मा, जिला वनाधिकारी अभिनव राज, तहसीलदार अरविंद कुमार, क्षेत्राधिकारी खतौली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

