मुजफ्फरनगर। कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न अनुदान योजनाओं के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर में किसानों का चयन ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया गया। यह चयन प्रक्रिया वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया था।
विकास भवन सभागार में आयोजित ई-लॉटरी कार्यक्रम कृषि निदेशालय, कृषि भवन लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुसार सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सुपर सीवर, कस्टम हायरिंग सेंटर, एमबी प्लाउ, सीड ड्रिल, रीपर-कम-बाइंडर, ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस सहित कई आधुनिक कृषि यंत्रों के लिए पात्र किसानों का चयन किया गया।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि चयनित तथा प्रतीक्षारत किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर स्वतः संदेश भेजे जा चुके हैं। चयनित किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर https://agridarshan.up.gov.in पोर्टल पर संबंधित बिल अपलोड करना अनिवार्य होगा। समय सीमा समाप्त होने पर प्रतीक्षारत किसान को स्वतः लाभ प्रदान कर दिया जाएगा।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि किसी भी तकनीकी या प्रक्रिया संबंधी समस्या के समाधान के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय, मुजफ्फरनगर में संपर्क करें। कार्यक्रम में कृषि विभाग से जुड़े विभिन्न अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में किसानों की सहभागिता रही।
