मुज़फ्फरनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 01 जनवरी 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए जाएँ। इसके साथ ही मृतक, डुप्लीकेट एवं दूसरे क्षेत्र में शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएँ।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया गया है। दावे व आपत्तियाँ 22 जनवरी तक प्राप्त की जाएँगी, जिनका निस्तारण 06 फरवरी तक होगा। इसके बाद डेटा शुद्धिकरण का कार्य पूरा कर 06 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, तृतीय लिंग एवं वंचित वर्ग के मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए बीएलओ को घर-घर संपर्क करने के निर्देश दिए।
